उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गोविंदपुर गांव से एक युवक के अपहरण हो गया है। अपहरणकर्ताओं ने युवक को घर से बुला कर उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया और गोरखपुर की तरफ निकले।
रुद्रपुर व गोरखपुर की पुलिस ने गुरुवार की सुबह चार बजे अपहरणकर्ताओं के चंगुल से युवक को छुड़ाकर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गोविंदपुर गांव के श्रीकिशुन यादव का बेटा प्रदीप यादव (19) गोरखपुर में एक व्यक्ति के यहां रहकर दूध पैकिंग कर घर-घर पहुंचाने का कार्य करता है।
वह बुधवार की दोपहर घर पहुंचा। रात कभी करीब 10 बजे प्रदीप यादव के मोबाइल पर एक फोन आया। उन्होंने उसे गांव के बाहर पुलिया पर आकर मिलने को कहा। युवक घर से जैसे ही निकला चार पहिया में सवार चार युवक उसे जबरन गाड़ी में बैठा कर फरार हो गए।
घर वालों ने तत्काल सूचना रुद्रपुर पुलिस को दी। उन्होंने रुद्रपुर पुलिस को सूचना देने के बाद पुलिस अधीक्षक से भी बात की। पुलिस अपहरणकर्ताओं का पीछा करने लगी।
घरवालों के अनुसार, अपहरणकर्ता उसे गोरखपुर ले जाने लगे। रुद्रपुर पुलिस ने गोरखपुर पुलिस से संपर्क कर चौरीचौरा, गौरी बाजार, मोतीराम अड्डा आदि जगहों पर चेकिंग शुरू कर दी। सुबह चौरीचौरा के करीब एक गाड़ी से अपहृत युवक को मुक्त कराया गया।
पुलिस गोरखपुर के शाहपुर इलाके के चार लोगों को हिरासत में पूछताछ कर रही है। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी अंबिका प्रसाद ने कहा कि चार युवक को हिरासत में लिया गया है। युवक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच चल रही है।