गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को सात माह के मासूम समेत चार कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके बाद से जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 47 हो गई है।
सोमवार को महिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंची मरीज संक्रमित मिली। महिला को तेज बुखार के साथ बदन में दर्द की शिकायत थी। उसके साथ मासूम बच्चा भी था। डॉक्टरों ने कोरोना जांच कराई तो वह संक्रमित मिली। वहीं, भटहट में सात माह की मासूम और 15 वर्ष की किशोरी भी संक्रमित मिली है। पिछले 24 घंटे में दूसरी किशोरी संक्रमित मिली है। इसके अलावा अर्बन पीएचसी पर भी एक युवक संक्रमित मिला है।
इसे भी पढ़ें: शोहदे नहीं, घरवालों से नाराज होकर किशोरी ने की थी खुदकुशी
आईटीएमएस के जरिए कोरोना से बचाव के लिए किया जाएगा जागरूक
कोरोना से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अब इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) का भी सहारा लिया जाएगा। इसे लेकर सीएमओ डाॅ. आशुतोष कुमार दूबे ने नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल से वार्ता की है। उन्होंने सहमति दे दी है।
सीएमओ ने कोरोना से बचाव के नियमों को अपनी आवाज में ऑडियो रिकार्डिंग कर नगर निगम को भेज दिया है। एक-दो दिन में उसे आइटीएमएस से समय-समय पर प्रसारित किया जाएगा। रिकार्डिंग में मास्क लगाने, भीड़ में न जाने और शारीरिक दूरी के पालन पर जोर दिया गया है।