गोरखपुर। दसवीं तक पढ़ाई की, लेकिन नौकरी नहीं मिली तो चार दोस्तों ने बाइक चोरी को ही धंधा बना लिया। घरों के सामने खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते और फिर उन्हें खोलकर उनके पुर्जे अलग-अलग बेच देते थे।
मंगलवार को बेलीपार पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की चार बाइकें और एक बोरे में वाहन के अलग-अलग पुर्जे बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, बेलीपार क्षेत्र निवासी कुलदीप शाही की मोटरसाइकिल आठ अक्तूबर को घर के सामने से चोरी हो गई थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। छानबीन के दौरान चारों युवकों के नाम सामने आए। मंगलवार को पुलिस को उनके बारे में सूचना मिली, जिसके बाद भोर में करीब चार बजे सुबह महाेब बंधा मोड़ पर घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के सकरैचा निवासी अंगद कुमार यादव, धनघटा थाना क्षेत्र के रजनीली निवासी शिवा कुमार, महुली थाना क्षेत्र के सतहरा निवासी आशुतोष कसौधन और गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र के मोहन बेदौली निवासी अतुल राय के रूप में हुई है।