एंबुलेंस की जांच करती पुलिस।(file)
- फोटो : अमर उजाला।
मुंबई से एंबुलेंस से आए चार नेपाली नागरिकों सहित एंबुलेंस चालक और ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) को 100 बेड के टीबी अस्पताल में क्वारंटीन किया गया है। यह लोग बुधवार की भोर में तीन बजे सहजनवां चेक पोस्ट पर पहुंचे थे।
जहां पर पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला अस्पताल जाने की सलाह दी थी। मुंबई देश के हॉट-स्पॉट के रूप में है। इसलिए डॉक्टरों ने जांच के बाद इन्हें क्वारंटीन की सलाह दी है। जानकारी के अनुसार चार नेपाली नागरिक एंबुलेंस बुक करके मुंबई से आए थे।
गोरखपुर होते ही यह लोग सोनौली जाना चाह रहे थे। इस बीच सहजनवां चेक पोस्ट पर पुलिस ने चेकिंग करते हुए चारों के नाम, पते और मोबाइल नंबर दर्ज किया। साथ ही एंबुलेंस चालक और ईएमटी का नाम और पता भी दर्ज किया।
इसके बाद एंबुलेंस चालक को जिला अस्पताल जाने की सलाह दी। एंबुलेंस चालक चारों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे तो सबकी जांच कराई गई। साथ ही चालक और ईमएमटी की भी जांच हुई। सभी को क्वांरटीन कराते हुए एक सप्ताह बाद नमूने लिए जाएंगे।
हर एंबुलेंस की हो रही जांच
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि जिले में मिले दो कोरोना मरीज एंबुलेंस के जरिए दूसरे प्रदेश से दाखिल हुए थे। इसकी वजह से जिले के सभी बॉर्डर पर चिकित्सकों की टीम पुलिस के साथ एंबुलेंस की जांच कर रही है। एंबुलेंस चालक, ईएमटी, मरीज का नाम-पता और मोबाइल नंबर नोट कराया जा रहा है।
किसी भी एंबुलेंस को जिले में प्रवेश करने पर निर्धारित अस्पतालों में जाने के बाद ही शहर में घुसने की अनुमति दी जा रही है। बताया कि हर चेक प्वाइंट पर जांच का विशेष ख्याल रखा जा रहा है।