गोरखपुर जिले के हजारीपुर स्थित बॉबीना होटल के रेस्त्रां में गंदगी मिली है। इसके लिए होटल प्रबंधक को नोटिस देकर चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा गंदगी मिली या हाईजीन का उल्लंघन किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम 15 दिन बाद फिर निरीक्षण करेगी।
दरअसल, खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को होटल में छापा मारा था। इस दौरान टीम ने फ्राई चिकन का एक नमूना भी लिया है, जिसे जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2021 को भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होटल बॉबीना के रेस्त्रां में छापा मारा था। उस दौरान भी गंदगी मिलने के अलावा स्टोर रूम में चूहे, चींटें और कॉकरोच घूमते मिले थे। कई खाद्य सामग्री जमीन पर रखी थी, जिस पर टीम ने होटल प्रबंधन को चेताया था। सॉस का एक नमूना लिया था। इसके बावजूद होटल प्रबंधन ने अपनी कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं किया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी कुमार गुंजन ने बताया कि 28 दिसंबर को शहर के दीवान दयाराम क्षेत्र के अक्षय ने शिकायत की थी कि वे होटल बॉबीना के रेस्त्रां में खाना खाने गए थे। खाने में कॉकरोच मिला था। उन्होंने इसकी शिकायत होटल प्रबंधन से करने के साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग से भी की थी। इसी शिकायत पर अभिहित अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को कार्रवाई की।
कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृष्ण चंद्र पटेल, अजय कुमार सिंह आदि शामिल रहे। इस संबंध में होटल प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, मगर संपर्क नहीं हो सका। जब भी उनका पक्ष मिलेगा, उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
अभिहित अधिकारी कुमार गुंजन ने बताया कि होटल बॉबीना के रेस्त्रां के खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत मिली थी। इसी के बाद शनिवार को टीम ने रेस्त्रां का निरीक्षण किया। इस दौरान काफी गंदगी मिली है। होटल प्रबंधन को नोटिस देकर चेताया गया है। मौके से फ्राई चिकन का नमूना लिया गया है, जिसे जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। दोबारा गंदगी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।