दरअसल, देवरिया बाईपास को फोरलेन बनाया जाना है। इसका प्रस्ताव भेजा जा चुका है। ऐसे में देवरिया बाईपास को सिक्सलेन फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए फोरलेन फ्लाइओवर बनाया जाना जरूरी था। यह फोरलेन फ्लाईओवर देवरिया बाईपास तिराहा से शुरू होकर देवरिया बाईपास रोड पर करीब 434 मीटर आगे जाकर समाप्त होगा।
खत्म होगी जाम की समस्या
देवरिया बाईपास से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक अक्सर प्रतिदिन जाम लगा रहता है। करीब ढाई किलोमीटर की इस दूरी को तय करने में कभी-कभी एक से डेढ़ घंटे लग जाते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर बन जाने से जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। इस फ्लाईओवर की मांग लंबे समय से की जा रही है। पिछली सपा सरकार में जीडीए ने एक बार प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सकता। अब मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे जाने से जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश ने कहा कि सिक्सलेन फ्लाईओवर का प्रस्ताव सेतु निगम की ओर से शासन को भेजा गया है। साथ ही देवरिया बाईपास को सिक्सलेन फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए एक फोरलेन फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। दोनों परियोजनाओं को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।