मंगलवार को परियोजना प्रबंधक ने जंगल कौड़िया जीरो प्वाइंट पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर रणधीर सिंह से सड़क के सीमांकन की जानकारी ली। दोनों ओर का अतिक्रमण हटाकर सड़क बनवाने की बात कही। इसके बाद परियोजना प्रबंधक जंगल कौड़िया में बन रहे फ्लाईओवर के पास पहुंचे। उन्होंने अंडरपास की गुणवत्ता की जानकारी ली। सर्विस लेन बनाए बगैर ही फ्लाईओवर का काम शुरू कराने पर परियोजना प्रबंधक ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने सड़क किनारे गड्ढों में मिट्टी और रेत देखकर समस्या का समाधान करने को कहा।
इसके अलावा अंडरपास के पास डायवर्जन वाले रास्तों पर करीब एक फीट पानी और कीचड़ देखकर उसे ठीक कराने को कहा। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत भी की। लोगों ने अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन मोहलत मांगी। परियोजना प्रबंधक ने ग्रामीणों से कहा कि जल्द अतिक्रमण हटा लें, जिससे काम प्रभावित न हो।
निर्माण कार्य का जायजा लिया गया है। सर्विस लेन को ठीक कराने का निर्देश कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को दिया गया है। अतिक्रमण होने से काम प्रभावित हो रहा है। काम को जल्द पूरा कराने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है। काम में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। -भवेश अग्रवाल, परियोजना प्रबंधक, एनएचएआई।
लोग सड़क से अतिक्रमण नहीं हटा रहे हैं, जिसके कारण सर्विस लेन व मुख्य सड़क के निर्माण में समस्याएं आ रही हैं। यदि लोगों ने शीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाया तो कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। -रणधीर सिंह, चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर, पीएनसी।
राजकीय पशु चिकित्सालय जंगल कौड़िया के सामने गड्ढा खोद दिया गया है। प्रतिदिन लगभग 40 पशुओं का इलाज होता था। लेकिन समस्या होने से छह सात पशु ही पहुंच पा रहे हैं। इसलिए सर्विस लेन को दुरुस्त कराया जाना जरूरी है। -डॉ. संजय सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी, जंगल कौड़िया।