अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एयरपोर्ट पर यात्रियों को सोमवार को उड़ानों में देरी के कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। मुंबई और कोलकाता से आने-जाने वाली कई प्रमुख फ्लाइटें अपने निर्धारित समय से काफी देर से संचालित हुईं।
जानकारी के अनुसार, मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट अपने निर्धारित समय अपराह्न 3:20 की बजाय 4:34 बजे गोरखपुर पहुंची। वहीं कोलकाता से आने वाली इंडिगो की उड़ान 3:30 के स्थान पर 4:47 बजे लैंड हुई। इसी तरह स्पाइसजेट की मुंबई से आने वाली फ्लाइट, जो शाम 6:15 बजे पहुंचने वाली थी, वह 7:49 बजे एयरपोर्ट पर पहुंच सकी।
प्रस्थान करने वाली उड़ानों में भी देरी देखने को मिली। गोरखपुर से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट अपने निर्धारित समय 3:50 की बजाय शाम 5:50 बजे रवाना हुई। वहीं मुंबई जाने वाली इंडिगो की उड़ान, जो शाम चार बजे उड़ान भरने वाली थी, वह 5:45 बजे उड़ सकी। स्पाइसजेट की मुंबई जाने वाली फ्लाइट भी तय समय शाम 6:50 की बजाय रात 8:49 बजे रवाना हुई।