उधर विमान सेवा शुरू होने पर यात्रियों को एयरपोर्ट के भीतर का नजारा बदला-बदला सा नजर आएगा। कोरोना के संक्रमण से यात्रियों को बचाने के लिए कई तरह के उपाय किए गए हैं। टर्मिनल में प्रवेश के लिए कॉन्टैक्टलेस सिस्टम बनाया गया है, ताकि यात्री एक दूसरे के संपर्क में न आएं।
यात्रियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए मार्किंग कर दी गई है। दस्तावेजों की जांच से पहले मुसाफिरों की थर्मल स्कैनिंग होगी। टर्मिनल गेट पर दस्तावेजों की जांच कर रहे यात्रियों को सेनेटाइजर उपलब्ध कराया जाएगा। टिकट और आईडी प्रूफ की स्कैनिंग बिना छुए की जाएगी।
गोरखपुर से दिल्ली के लिए तीन समेत कुल सात उड़ानें होती हैं। दिल्ली के लिए स्पाइस जेट, एयर इंडिया और विमान कंपनी इंडिगो की फ्लाइट है जबकि मुंबई के लिए स्पाइस जेट और हैदराबाद, कोलकाता व प्रयागराज के लिए इंडिगो की एक-एक उड़ान है। पहले चरण के लॉकडाउन यानी 25 मार्च से ही इन सभी फ्लाइटों की सेवा बंद है।
देशभर में एक जून से 200 ट्रेनों को चलाने की तैयारी के क्रम में गोरखपुर जंक्शन से दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद के लिए चार ट्रेनें चलाने की तैयारी है। हालांकि अभी ट्रेनों की सूची और शेड्यूल को लेकर कोई निर्देश नहीं आया है। बृहस्पतिवार की शाम तक रेलवे बोर्ड से निर्देश आने की संभावना है।
ट्रेनों का शेड्यूल आने के बाद से ही ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग शुरू की जाएगी। किराया पुराना ही रहेगा या बढ़ेगा, इस पर भी निर्णय बृहस्पतिवार को होने की संभावना है। सूत्रों से रेल प्रशासन द्वारा अभी चार ट्रेनें चलाने और कहां तक के लिए चलेंगी इस संबंध में सूचना मिली है।