दिल्ली जाने के लिए स्पाइस जेट की शाम की फ्लाइट मंगलवार से बंद हो जाएगी। लॉकडाउन के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने पर विमानन कंपनी ने 21 जुलाई से दिल्ली के लिए अपनी दूसरी उड़ान शुरू की थी। वहीं रोजाना दोपहर में दिल्ली जाने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट अब हैदराबाद तक जाएगी।
एयरपोर्ट निदेशक अनिल द्विवेदी ने बताया कि विमान कंपनी ने दिल्ली के लिए जाने वाली शाम की फ्लाइट 18 अगस्त से बंद करने की जानकारी दी है। हालांकि वजह स्पष्ट नहीं की है कि अचानक उड़ान बंद क्यों करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि फ्लाइट से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
लॉकडाउन के बीच 20 अप्रैल को जब विमान सेवा शुरू हुई तो कुल आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या 250 से 400 तक थी जो अब बढ़कर 1600 से ऊपर पहुंच गई है। दरअसल यात्रियों की संख्या बढ़ने पर स्पाइस जेट कंपनी ने गोरखपुर से दिल्ली के लिए एक और उड़ान शुरू करने का निर्णय लिया था।
यह विमान दोपहर के बाद 2.30 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 3.45 बजे गोरखपुर पहुंचता था। यहां से शाम 4.25 बजे वही विमान दिल्ली के लिए रवाना होता था। दिल्ली के लिए स्पाइस जेट की दूसरी फ्लाइट शुरू होने के साथ ही गोरखपुर से उड़ान भरने वाले विमानों की संख्या नौ हो गई थी। इसमें दिल्ली की चार, मुंबई की दो, कोलकाता, प्रयागराज और हैदराबाद की एक-एक फ्लाइट शामिल है।