छात्रा प्रीति व अनन्या व वार्डन अंजलि मिश्रा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पिपराइच थाना क्षेत्र के महमुदाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मंगलवार सुबह भीषण गर्मी के कारण कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। सिर दर्द और चक्कर आने के बाद करीब पांच छात्राएं बेहोश हो गईं। इसके बाद विद्यालय में हड़कंप मच गया।
शिक्षकों ने सभी छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। एक छात्रा को छोड़कर अन्य सभी को उपचार के बाद परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शालू (18), अंजू (16), प्रतिभा (16), अनीसा (16) और खुशी (16) समेत अन्य छात्राएं अलग-अलग कमरों में सोई थीं। सुबह उठने के बाद उन्हें सिर दर्द और चक्कर आने लगा। छात्राओं ने वार्डेन अंजलि मिश्र को इसकी जानकारी दी। इसके बाद एक-एक कर कई छात्राएं बेहोश होने लगीं।
छात्राओं ने बताया कि दो दिन से विद्यालय में बिजली नहीं आ रही थी और जनरेटर भी नहीं चलाया गया। भीषण गर्मी के कारण रात में ठीक से नींद नहीं आई। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. मणि शेखर ने बताया कि पानी की कमी और भीषण गर्मी के कारण छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की संभावना है। उपचार के बाद सभी की हालत ठीक है।
छात्राओं की तबीयत खराब होने के कारणों की जांच कराई जाएगी। विद्यालय में संसाधनों से जुड़ी जो भी कमियां हैं उन्हें दूर कराया जाएगा। नया जनरेटर मंगाया गया है। सभी छात्राएं अब पूरी तरह स्वस्थ हैं: धीरेंद्र त्रिपाठी, बीएसए