बस्ती जिले में कोरोना का प्रभाव अब भी बरकरार है। सोमवार को महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में जिले में तीन नए पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इस प्रकार जिले में मरीजों की संख्या 4854 हो गई है।
वहीं, जनपद में अब तक 95 लोग काल के गाल में समा चुके हैं। पांच मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिले में अब तक कुल 4651 डिस्चार्ज हो चुके हैं। अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 108 हो गई है। 802 लोगों की जांच रिपोर्ट अब तक लंबित है। इसकी पुष्टि डीएम आशुतोष निरंजन ने की।
जिले में कोरोना संक्रमण की लगातार जांच के बाद भी पॉजिटिव मरीजों की संख्या कम हो रही है। डीएम के अनुसार 217991 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं जिसमें 217189 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इसमें 212335 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कोरोना के मामले मिलने के बाद जिले में 64 कंटेनमेंट जोन बनाया गया है जिसमें सदर तहसील में 41, हर्रैया में 20 व रुधौली में तीन जोन शामिल हैं। डीएम के अनुसार जिले में लेबल वन के मरीजों के लिए अस्पताल बनाए गए हैं। इसके अलावा ओपेक चिकित्सालय कैली में लेबल-2 व थ्री के मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। कहा कि लगातार जांच का दायरा बढ़ाया गया है।
डीएम आशुतोष निरंजन के अनुसार कोरोना संक्रमितों का इलाज जवाहर लाल नेहरु नवोदय विद्यालय रुधौली, मुंडेरवा सीएचसी, महर्षि मेडिकल कालेज, ओपेक चिकित्सालय कैली, जिला जेल, कृष्णा मिशन अस्पताल व होम आइसोलेशन में किया जा रहा है।डीएम ने कहा कि होम आइसोलेशन में मरीजों की देखभाल के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की टीम लगाई गई जो समय-समय पर मरीजों की जांच आदि करते हैं।