महावीर छपरा। सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में कार में सवार चार अन्य लोग भी घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को निजी साधनों से इलाज के लिए जिला अस्पताल गोरखपुर भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बेलीपार थाना क्षेत्र के ऊंचगांव के पास मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मामापार गांव निवासी राम समर यादव (60) फोरलेन सड़क पार कर ऊंचगांव जा रहे थे। जैसे ही वह सड़क के बीच बने डिवाइडर के पास पहुंचे, तभी कौड़ीराम से गोरखपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग साइकिल सहित करीब 10 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनका हाथ और पैर टूट गया, जबकि सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के दौरान कार में सवार चार लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी विशाल सिंह ने बताया कि सभी घायलों को जिला अस्पताल गोरखपुर भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है।