कुशीनगर जिले में लगातार जांच व लोगों की सतर्कता के चलते जिले में कोरोना का संक्रमण दर तीन प्रतिशत से नीचे आ गया है। गुरुवार को जिले में केवल पांच नए लोग संक्रमित हुए और पहले से संक्रमित पांच लोग ठीक भी हुए। इसके चलते लगातार दूसरे दिन भी एक्टिव केस की संख्या 160 पर रुकी रही। जिले में अब तक 57 लोग इस बीमारी के चलते जान गंवा चुके हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को 1051 लोगों का सैंपल लिया गया। इसके अलावा 767 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट मिली। इनमें से 762 निगेटिव व केवल पांच लोग पॉजिटिव पाए गए।
पॉजिटिव पाए गए इन लोगों में से कप्तानगंज क्षेत्र में एक, फाजिलनगर क्षेत्र में एक, तमकुहीराज क्षेत्र में दो तथा एक मरीज अन्य क्षेत्र का है। गुरुवार को मिले मरीजों को लेकर कुल संक्रमितों की संख्या 5399 हो गई है।
इसके अलावा पहले से संक्रमित पांच लोग ठीक भी हुए जिसके बाद ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़कर 5182 हो गई है। जिले में 160 एक्टिव मरीज हैं। होम आइसोलेशन में रह रहे 39 मरीजों की कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है।
डीएम डॉ. भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि गुरुवार को संक्रमण दर 0.65 प्रतिशत व कुल संक्रमण दर 2.85 प्रतिशत रहा। इसके अलावा रिकवरी रेट 95.98 प्रतिशत व मृत्यु दर 1.05 प्रतिशत रहा। डीएम ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अपनी जांच कराने, भीड़ से बचने तथा मास्क व सेनेटाइजर का प्रयोग करने की अपील की है।