- भौवापार स्थित एटीएस पर आज से शुरू होगी फिटनेस जांच
- वाहन मालिकों को गीडा परिवहन कार्यालय जाने की नहीं होगी जरूरत
गोरखपुर। जिले में व्यावसायिक वाहन संचालकों के लिए राहत भरी खबर है। कॉमर्शियल वाहनों की फिटनेस जांच के लिए जिले में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार से फिटनेस जांच इसी केंद्र पर की जाएगी।
एआरटीओ प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि बाघागाड़ा-महावीर छपरा मार्ग पर भौवापार गांव के पास स्थापित इस अत्याधुनिक केंद्र पर वाहन मालिकों को अब गीडा स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। यहां ब्रेक, स्टीयरिंग, सस्पेंशन और प्रदूषण स्तर समेत विभिन्न मानकों की जांच आधुनिक मशीनों और कंप्यूटर आधारित प्रणाली से की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और केवल निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले वाहनों को ही फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। ऑटोमेटेड व्यवस्था लागू होने से मानवीय हस्तक्षेप कम होगा, जांच की गुणवत्ता बेहतर होगी और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। इससे वाहन मालिकों का समय बचेगा और फिटनेस प्रमाणन प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय बनेगी।