गोरखपुर। होटल और स्पा सेंटर में बंधक बनाकर दुष्कर्म की शिकार 13 वर्षीय किशोरी के परिजनों ने कहा कि सबसे पहले उसके प्रेमी ने दुष्कर्म किया। जब वह होटल से भाग गया तो होटल मालिक, मैनेजर और स्पा संचालक व उसके दोस्तों ने बेटी की अस्मत लूटी। इधर, पुलिस की जांच में पता चला कि देवरिया और महाराजगंज में आरोपी के तीन और होटल हैं। इन्हें जल्द सील किया जाएगा। वहीं आरोपियों के स्पा सेंटर चलाने की बात भी सामने आई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि छह माह पहले शाहपुर क्षेत्र के 15 वर्षीय किशोर से उसकी इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। छह माह तक मां के मोबाइल से बातचीत के बाद एक जनवरी को किशोरी को लेकर उसका नाबालिग दोस्त गीडा के नौसड़ स्थित होटल भूमि पैलेस पहुंचा। होटल में तीन रात बिताने के बाद किशोरी का प्रेमी उसे छोड़कर भाग गया।
इस मौके का फायदा उठाकर होटल मालिक धीरेंद्र सिंह उर्फ अभय सिंह और मैनेजर आदर्श पांडेय ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी को तीन दिन तक होटल में बंधक रखा गया। इस दौरान उसे किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद बेतियाहाता फिर बड़हलगंज स्थित स्पा सेंटर भेज दिया गया। बड़हलगंज के स्पा सेंटर में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर किशोरी की अस्मत लूटी गई। वहां तबीयत खराब होने के बाद गीडा के नौसड़ स्थित होटल में बंधकर बनाकर रखा गया। वहां से पुलिस ने उसे मुक्त कराया।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि होटल मालिक, मैनेजर समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। होटल और स्पा संचालक की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में पता चला है कि होटल मालिक का देवरिया और महाराजगंज में भी होटल और स्पा सेंटर हैं। इन सभी प्रतिष्ठानों की कानूनी कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।