अस्पताल कर्मियों और मरीजों को बताए गए आग से बचाव के तरीके
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में अचानक आग लग गई। इसकी वजह से पूरे वार्ड में चारों तरफ धुआं फैल गया। धुआं फैलते ही इमरजेंसी में भर्ती मरीज परेशान हो उठे। इस पर तत्काल उन्हें बताया गया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आग से बचाव को लेकर पूर्वाभ्यास किया गया है। इस पर मरीजों ने राहत की सांस ली।
अस्पताल में किसी तरह की आग की घटना घटती है तो वहां पर उपस्थित मरीज खुद अपनी मदद नहीं कर पाते हैं। ऐसे में उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जाना बड़ी चुनौती होती है। साथ ही यदि कोई बड़ी घटना घटित होती है तो किस तरह चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए, उस पर किस तरह काबू पाया जाए, इसे लेकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी मरीजों को जानकारी दी गई।
इस दौरान फायर बिग्रेड के कर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एक-एक करके मरीजों को सकुशल दूसरे वार्ड में ट्रांसफर किया। इसके बाद आग पर काबू पाया। ब्रिगेडियर पीके सिंह ने एसआईसी से पूर्वाभ्यास की पूरी रिपोर्ट भी मांगी है। इस मौके पर एडीएम वित्त राजेश कुमार सिंह, फायर सेफ्टी ऑफिसर, एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट आदि मौजूद रहे।