मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले में राजघाट इलाके के पांडेयहाता में मंगलवार को कपड़े की एक दुकान में आग लग गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। हालांकि संकरी गली में दुकान होने की वजह से फायर ब्रिगेड कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच वहां अफरा-तफरी मच गई थी। आग की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकानदार के मुताबिक, आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, राजघाट थाना क्षेत्र के पांडेयहाता में अरविंद गुप्ता की कपड़े की दुकान है। वे इसी मकान में रहते भी हैं। उनका थोक में साड़ी का कारोबार है। अरविंद गुप्ता प्रयागराज गए हुए हैं। मंगलवार होने की वजह से बाजार बंद था, केवल राखी की दुकानें खुली थीं। दिन में दोपहर दो बजे मकान के ऊपरी हिस्से से धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। बाहर खड़े लोगों ने इसकी जानकारी घरवालों को दी।इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दुकान संकरी गली में होने की वजह से फायर ब्रिगेड के कर्मियों को मौके पर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने तीन पाइप को जोड़ा तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।
आग में घिर गया डॉगी, बचाया
आग बुझाने पहुंचे एक दमकल कर्मी ने बताया कि ऊपरी मंजिल पर धुआं उठ रहा था। वहां पहुंचे और दरवाजा खोला तो धुआं बाहर निकलने लगा। आग बुझाने का प्रयास होने लगा, तभी पता चला कि उसकी चपेट में डॉगी (कुत्ता) है। किसी तरह से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।