हैदराबाद से 1:15 बजे गोरखपुर पहुंचा इंडिगो का विमान 20 मिनट लगाता रहा चक्कर
खराब मौसम की वजह से दिल्ली और कोलकाता से लेट से गोरखपुर आए विमान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रन-वे किनारे घास में आग लगने की वजह से हैदराबाद से यात्रियों को लेकर गोरखपुर आ रहा इंडिगो एयरलाइन का बोईंग विमान बृहस्पतिवार को एयरपोर्ट पर नहीं उतर सका। 20 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद उसे वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। वहां थोड़ी देर रुककर विमान फिर हैदराबाद चला गया। गोरखपुर के यात्री दूसरे साधनों से वाराणसी से वापस आए। वहीं दिल्ली और कोलकाता से आने वाले विमान भी तेज हवा की वजह से देरी से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे।
इंडिगो का एक विमान बृहस्पतिवार को हैदराबाद से 150 यात्रियों को लेकर गोरखपुर आ रहा था। करीब 1:15 बजे विमान अपने तय समय पर गोरखपुर पहुंच गया, लेकिन रन-वे के आस-पास घास में किसी वजह से आग लग जाने के कारण उसे एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिली। करीब 20 मिनट तक विमान को उतारने का प्रयास चलता रहा। जब आग नहीं बुझी तो विमान को वाराणसी एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
निरस्त करनी पड़ी हैदराबाद की उड़ान
हैदराबाद से विमान 1:15 बजे गोरखपुर आता है, जो 40 मिनट रुककर फिर हैदराबाद और बंगलूरू के लिए उड़ान भरता है। विमान वाराणसी डायवर्ट होने की वजह से वह वहीं से वापस चला गया। इसलिए गोरखपुर से हैदराबाद की उड़ान निरस्त करनी पड़ी।
डेढ़ घंटे लेट आया कोलकाता से विमान
एयरपोर्ट रन-वे पर आग पर तो काबू पा लिया गया, लेकिन तेज हवा दिन भर परेशान करती रही। इस कारण कोलकाता से आने वाला जो विमान शाम 4:35 बजे आता है, वह करीब डेढ़ घंटे देरी से 6:08 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरा। इसी तरह दिल्ली का जो विमान अपराह्न 3:20 बजे आता है, वह एक घंटे लेट से 4:20 बजे यहां पहुंचा।
होटल में रोके गए यात्री
एयरलाइन कंपनी ने गोरखपुर से हैदराबाद जाने वाले 25 यात्रियों को होटल में ठहराया है। अब ये यात्री शुक्रवार को विमान से हैदराबाद जाएंगे। विमान के निरस्त और लेट होने से यात्रियों के साथ ही परिजन भी परेशान हुए। हैदराबाद से आने वाले यात्रियों को लेने पहुंचे उनके परिजन काफी देर तक एयरपोर्ट के बाहर इंतजार करते रहे। इसी तरह जिन यात्रियों को हैदराबाद जाना था, उनके भी परिजन दोबारा एयरपोर्ट उन्हें लेने पहुंचे। दिल्ली और कोलकाता के विमान भी लेट से आए, इस वजह से भी परिजन परेशान हुए।
वर्जन
एयरपोर्ट के रन-वे पर सूखी घास में आग लग गई। इस वजह से हैदराबाद से आया विमान वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। गोरखपुर से हैदराबाद जाने वाला विमान निरस्त करना पड़ा। आग पर काबू पाने के बाद भी तेज हवा की वजह से दिल्ली और कोलकाता के विमान लेट से गोरखपुर उतरे। घास में आग कैसे लगी, इसकी जांच कराई जाएगी।
- आरके पराशर, एयरपोर्ट निदेशक