कोतवाली क्षेत्र के मुफ्तीपुर नखास में बृहस्पतिवार रात कांग्रेसी नेता तौकीर आलम की फर्नीचर के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा करीब 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के दौरान आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षा के लिहाज से घर खाली कराकर बाहर निकाला गया। आग बुझने तक इलाके में दहशत का माहौल रहा। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का मामला सामने आया है।
माया टॉकीज, गीता प्रेस क्षेत्र निवासी कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तौकीर आलम की हठी माई मंदिर के पास फर्नीचर की दुकान है। दुकान से संबंधित कारखाना व गोदाम मुफ्तीपुर नखास में स्थित है जिसकी देखरेख उनके बेटे दबीर आलम करते हैं। कारखाना रोजाना शाम सात बजे बंद कर दिया जाता है। तौकीर आलम के अनुसार सहालग का सीजन नजदीक होने के कारण गोदाम में बड़ी मात्रा में लकड़ी और अन्य कच्चा सामान रखा था। इसी से बेड, सोफा, डाइनिंग टेबल, कुर्सियों समेत विभिन्न तरह का फर्नीचर तैयार किया जा रहा था।
घरों से बाहर निकल आए लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 9.20 बजे गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में अंदर से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते-ही-देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में लकड़ी के सामान के साथ ही तेल, थिनर और अन्य ज्वलनशील पदार्थ रखे होने से आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास के मकानों को भी खाली कराया गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन लपटें तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली। रात 9:30 बजे आग लगने की सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम (सीसीआर) ने फायर स्टेशन गोलघर को जानकारी दी।
दमकल टीम ने डेढ़ घंटे में आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल की टीम तीन वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। डेढ़ घंटे में टीम ने आग पर काबू पा लिया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने गोदाम के अंदर पहुंचकर सुलग रहे सामान को भी बुझाया ताकि दोबारा आग न भड़क सके। गोदाम संचालक तौकीर आलम के मुताबिक आग से करीब 20 लाख रुपये का सामान और कच्चा सामान जल गया है। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। दमकल विभाग की ओर से घटना की जांच की जा रही है। वहीं सीएफओ ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही है।