रेलवे स्टेशन स्थित एक होटल में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बुधवार को मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता का कलमबंद बयान दर्ज कराया गया। पीड़िता की सेहत में सुधार होने के बाद बुधवार को उसे जिला अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
उधर, मामले में फरार चल रहे दवा कंपनी के एरिया मैनेजर आशीष सिंह की तलाश में पुलिस की दो टीमें वाराणसी में अलग-अलग दबिश दे रही हैं।
वह परिवार सहित फरार हो गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ वारंट के साथ ही 82 के नोटिस के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, मुकदमे में दुष्कर्म के अलावा एससी-एसटी की धारा बढ़ने के बाद आर्थिक सहायता दिलाने के लिए भी पुलिस ने कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पिछले शुक्रवार को शाहपुर इलाके की युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। युवती ने पुलिस को बताया था कि गुरुवार को वह अपनी मां के साथ गोरखनाथ से पैदल लौट रही थी। मां पीछे थी और वह कुछ दूरी पर आगे चल रही थी। बाइक सवार दो लोगों ने उसे अगवा कर लिया। कद-काठी और लिबास से वे पुलिस वाले लग रहे थे, इसलिए वह विरोध नहीं कर पाई। वे उसे स्टेशन रोड स्थित होटल में ले गए और शराब पिलाने के बाद सामूहिक दुष्कर्म किया।