- अधिवक्ताओं के हंगामे और गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम करने के बाद हरकत में आई पुलिस
- महिला अधिवक्ता ने पैतृक जमीन पर कब्जे की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप
गोरखपुर। महिला अधिवक्ता की पैतृक जमीन पर निर्माण ध्वस्त करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में खोराबार पुलिस ने एक निजी अस्पताल के मैनेजर सत्य प्रकाश पांडेय समेत 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
इससे पहले कार्रवाई में देरी से नाराज सैकड़ों अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार शाम सूबा बाजार कस्बे में गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया था। करीब 40 मिनट तक दोनों लेन पर आवागमन ठप रहा। सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी के प्राथमिकी दर्ज करने के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने जाम समाप्त किया था। जंगल सिकरी उर्फ खोराबार निवासी महिला अधिवक्ता निधि यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि खोराबार उर्फ सूबा बाजार में उनकी पैतृक जमीन है। गाटा संख्या 1400 क, 1401, 1402क और 1403ख पर उनका वैध कब्जा है। जमीन की बाउंड्री भी करीब दो दशक से बनी हुई है।
आरोप है कि 11 नवंबर की शाम करीब छह बजे वह अपनी जमीन पर अस्थायी निर्माण करा रही थीं। इसी दौरान एक निजी अस्पताल के मैनेजर सत्य प्रकाश पांडेय और करीब 20 अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा निर्माण कार्य ध्वस्त करने लगे। निधि यादव के मुताबिक, विरोध करने पर मैनेजर ने जमीन को रवि राय और उनकी पत्नी रश्मि राय की बताते हुए तत्काल खाली करने की धमकी दी। महिला अधिवक्ता ने जान से मारने और परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना का वीडियो फुटेज उनके पास साक्ष्य के रूप में मौजूद है। सीओ कोतवाली ओंकार धर तिवारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।