बड़हलगंज। कोतवाली क्षेत्र के बैरिया खास टोला टाड़ी गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रही रंजिश में भूसा निकालने के दौरान एक युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई। हमले में युवक के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
टाड़ी गांव निवासी नारद यादव के अनुसार जमीन का बंटवारा आपसी सहमति से हुआ था लेकिन विपक्षी पक्ष इसे मानने को तैयार नहीं है। आरोप है कि 19 अक्तूबर की शाम करीब चार बजे वह अपने हिस्से के कमरे से भूसा निकाल रहे थे। इसी दौरान पंकज यादव और अंगद यादव ने विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर दोनों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उनकी पिटाई कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। उपचार कराने के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।