सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के तरकुलहा मंदिर परिसर में धर्मशाला में गेट लगाने के लिए हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक पक्ष ने हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की, जबकि दूसरे पक्ष ने भी जानलेवा हमले का आरोप लगाया है।
तरकुलहा मंदिर परिसर के व्यवसायी अमरनाथ जायसवाल ने तहरीर में आरोप लगाया कि सोमवार को देवीपुर गांव निवासी वीरेंद्र यादव, जितेंद्र यादव और दो अज्ञात लोग सार्वजनिक धर्मशाला पर अवैध कब्जे की नीयत से गेट लगा रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। आरोप है कि जमीन पर गिरने के बाद गमछे से गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे सचिन पासवान, सोनू पासवान और उज्जवल साहनी के साथ भी मारपीट की गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के वीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि वह तरकुलहा मेले में धर्मशाला की मरम्मत करा रहे थे। इसी दौरान अमरनाथ जायसवाल, हिमांचल साहनी और दो-तीन अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सीओ चौरी चौरा कुंदन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।