गोला इलाके में स्कार्पियो-ट्रैक्टर की टक्कर में हो गई थी तीन युवकों की मौत
ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप, तलाश में जुटी पुलिस
गोला। थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर स्कार्पियो और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में तीन युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कस्बा निवासी पवन यादव की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
तहरीर के अनुसार, बीते 26 अप्रैल को कोहड़ी गांव निवासी प्रसून उर्फ अंकुर, अमन उर्फ अजय और कुनाल बड़हलगंज में किसी मरीज को देखने के लिए पवन यादव की कार लेकर गए थे। बताया गया कि लौटते समय रात करीब 10 बजे भर्रोह गांव के पास रामजानकी मार्ग पर सामने से आ रहे गिरजेश दुबे की ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कार्पियो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में अमन उर्फ अजय और कुनाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रसून उर्फ अंकुर ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।