सरदारनगर। एसबीआई की सरदारनगर शाखा में ग्राहकों के खातों से बिना अनुमति रकम दूसरे खातों में हस्तांतरित करने का मामला सामने आया है। बैंक की विभागीय जांच में तत्कालीन वरिष्ठ सहायक समेत तीन लोगों की भूमिका संदिग्ध मिलने पर चौरी-चौरा पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
बैंक की तहरीर के अनुसार तत्कालीन वरिष्ठ सहायक मुकुंद कुमार चौहान पर ग्राहकों के केवाईसी प्रपत्रों पर फर्जी हस्ताक्षर कर बिना सहमति के केवाईसी अपडेट कराने का आरोप है। इसके अलावा निष्क्रिय खातों को सक्रिय कराने के लिए 100 रुपये की फर्जी निकासी के प्रपत्र भी तैयार किए गए। आरोप है कि सीएसपी संचालक श्रवण कुमार वर्मा और उर्मिला देवी के खातों में ग्राहकों की रकम हस्तांतरित की गई। श्रवण के खाते में 34 और उर्मिला के खाते में 12 ग्राहकों की रकम भेजे जाने का विवरण दिया गया है। बैंक ने 10.63 लाख रुपये की प्रत्यक्ष वित्तीय क्षति बताई है। थाना प्रभारी चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।