गोरखपुर के गगहा इलाके में गाड़ी हटाने के विवाद में मारपीट और पीड़ित से 92 हजार रुपये और सोने की अंगूठी लूटे जाने का मामला सामने आया है। बुधवार को मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गगहा के राउतपार निवासी दीनानाथ मिश्रा ने बुधवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सुबह उनके दो बेटे दुर्गेश व बृजेश कहीं से गाड़ी से लौटे तो दरवाजे के सामने पहले से एक चार पहिया गाड़ी खड़ी थी।
काफी देर तक गाड़ी नहीं हटी तो खोजबीन करने पर पता चला कि गाड़ी लेकर आए लोग सामने दुकान में बैठकर शराब पी रहे हैं। उनसे जब गाड़ी हटाने को कहा गया तो वे उलझ गए।
आरोप है कि सिहाईजपार निवासी हरेराम शाही व शमशाद शाही ने पहले दीनानाथ के दोनों पुत्रों के साथ मारपीट की और फिर उनके पास रखे 92 हजार रुपये व सोने की अंगूठी छीन ली। दोनों भाई किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे।
इंस्पेक्टर गगहा अमित दुबे ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।