महुली क्षेत्र के लखनापार गांव में शनिवार को जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर ईंट पत्थर चले और हवाई फायरिंग हुई। इस दौरान असलहों का नग्न प्रदर्शन भी हुआ। घटना के बाद अफरा- तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना पर एसडीएम और एसओ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने प्रधान पति समेत दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। घटना से गांव में तनाव कायम हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के श्रीकृष्ण पाल और प्रधानपति सूरज पाल के बीच जमीन संबंधी विवाद चल रहा हैं। शनिवार को विवादित जमीन पर कब्जजेदारी को लेकर दोनों पक्ष आमने- सामने हो गए। उसके बाद ईट पत्थर चले। उसी बीच असलहों का नग्न प्रदर्शन हुआ और हवाई फायरिंग हुई। ईट पत्थर चलने से दो लोग घायल हो गए।
प्रधान पति सूरज पाल का आरोप हैं कि घर के बगल में स्थित जमीन में उनके अलावा पट्टीदार हरिकेश पाल, प्रभात पाल का नाम दर्ज हैं। जिस पर उन्होंने नीव भी चलाई हैं। शनिवार को उक्त जमीन पर उनके साथ परिजन साफ- सफाई कर रहे थे। इसी दौरान श्री कृष्ण पाल का पुत्र आदित्य पाल अपने अन्य सहयोगियों के साथ पहुंचा और गाली गलौज देते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान कई राउंड अवैध असलहे से फायरिंग भी हुई। जबक श्री कृष्ण पाल के पुत्र आदित्य पाल का आरोप है कि घर के बगल में स्थित जमीन संयुक्त रूप से हैं। जिसमें सूरज पाल, हरिकेश, प्रभात तथा श्रीकृष्ण पाल, रुद्र पाल व विजय पाल का हिस्सा हैं, लेकिन बटवारा नही हुआ हैं। मामला कोर्ट में विचाराधीन हैं। शनिवार को विवादित जमीन पर कब्जेदारी को लेकर सूरज पाल आदि निर्माण करवा रहे थे। जब परिजनों के साथ रोकने पहुंचा तो उक्त लोग गाली गलौज देते हुए ईंट पत्थर चलाने लगे।
आरोप है कि लोगों ने हवाई फायरिंग भी की। ईंट पत्थर फेंकने से उन्हें चोटे आई। फायरिंग की आवाज से गांव में अफरा- तफरी मच गई। सूचना के बाद एसडीएम प्रमोद कुमार और एसओ प्रदीप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से प्रधान पति समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया। प्रधान पति पक्ष के लोगों ने दरवाजे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को लेकर थाने पहुंचे तो दूसरे पक्ष के आदित्य पाल ने मोबाइल में कैद की हुई वीडियों पुलिस को सौंपा।
इस मामले को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया लखनापार में विवादित जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से ईंट पत्थर चलाए गए। दोनों पक्ष एक- दूसरे पर हवाई फायरिंग करने का आरोप मढा हैं। दोनों पक्षों की तरफ से दी गई वीडियो क्लिप को खंगाला जा रहा हैं। वैसे अभी किसी भी पक्ष ने तहरीर नही दी हैं। पूर्व में 11 लोगों को पांच- पांच लाख रुपये से पाबंद किया गया था। इस मामले में तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।