गोरखपुर। जंगल कौड़िया क्षेत्र के मेहदरिया गांव में गैस सिलेंडर की रिफिलिंग का वीडियो वायरल होने के बाद आपूर्ति विभाग और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन आईओसी के अधिकारियों ने बुधवार को मानीराम इंडेन गैस सर्विस के गोदाम पर जांच की। जांच के बाद गोदाम को सील कर दिया गया।
अधिकारियों ने सील किए जाने की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। मामले कीआधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में मानीराम इंडेन सर्विस लिखे वाहन के पास एक व्यक्ति गैस सिलिंडर से रिफिलिंग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में गैस निकलने की तेज आवाज भी सुनाई दे रही है। इसके बाद आपूर्ति विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को कार्रवाई की। सुबह करीब 10 बजे आपूर्ति विभाग और आईओसी की टीम मेहदरिया गांव स्थित गोदाम पहुंची। करीब डेढ़ बजे तक चली जांच में स्टॉक और उपलब्ध सिलिंडरों का मिलान किया गया। अधिकारियों के अनुसार, अभिलेखों में दर्ज स्टॉक की तुलना में मौके पर सिलिंडरों की संख्या कम मिली।जिसके आधार पर टीम ने गोदाम को उच्चाधिकारियों के आदेश पर सील कर दिया गया।
टीम ने मौके पर उपलब्ध दस्तावेजों और स्टॉक का भी सत्यापन किया। जांच टीम में कैंपियरगंज के आपूर्ति निरीक्षक संजीत कुमार, बांसगांव के आपूर्ति निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव, एआरओ नरेंद्र कुमार और आईओसी के असिस्टेंट मैनेजर सौरभ सेठ शामिल रहे। बताते चलें कि 19 जून को भी गैस रिफिलिंग का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद 20 जून को अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। इसके बावजूद मंगलवार को दोबारा वीडियो सामने आने से कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
बोले अधिकारी
वायरल वीडियो के आधार टीम मौके पर जांच पड़ताल की है।अभिलेखों में जांच-पड़ताल के बाद गोदाम पर अनियमितता पाई गई है जिसके आधार पर गोदाम को सील कर दिया गया है।इस प्रकरण को आईओसी के अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।अब अगली कार्रवाई आईओसी के अधिकारी करेंगे।
अजय सिंह,जिला पूर्ति अधिकारी