गोरखपुर नगर निगम ने कूड़े से खाद बनाना शुरू कर दिया है। शहर की विभिन्न कॉलोनियों और अपार्टमेंट से गीले कूड़े को इकट्ठा कर नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में बने मैटेरियल कलेक्शन फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में खाद बनाई जा रही है। अब दुकानों में इस खाद की बिक्री होगी।
अमर उजाला फाउंडेशन व नगर निगम की अनूठी मुहिम के तहत शहर की कॉलोनियों और अपार्टमेंट से गीले और सूखे कूड़े को स्रोत स्थल पर ही अलग कर एमआरएफ सेंटर पर ले जाकर खाद बनाई जा रही है। जोन संख्या-चार नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में निर्मित एमआरएफ सेंटर में गीले कचरे की कंपोस्टिंग बनाने के लिए कंपोस्ट पीट बनाया गया है। सूखे कचरे में प्राप्त प्लास्टिक सामग्रियों की मशीन से कटिंग कराई जा रही है।
सहायक नगर आयुक्त अविनाश प्रताप सिंह ने बताया कि सूखे कूड़े की छंटाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए, स्त्रोत से गीले एवं सूखे कूड़े को अलग-अलग एकत्र कर निस्तारण भी कराया जा रहा है। गीले-सूखे कूड़े के निस्तारण एवं कंपोस्टिंग के लिए विशेषज्ञों का सहयोग लिया जा रहा है। जोन संख्या-4 में कार्य शुरू करने के साथ अन्य जोनों में भी गीले-सूखे कूड़े के निस्तारण के लिए रणनीति बनाई गई है, जोकि पूरी तरह से कुछ दिनों में सभी जोन में लागू हो जाएगी। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि कान्हा उपवन से गोबर मंगाकर खाद बनाई जा रही है।
समय से पहुंच कर कूड़ा उठाएं ड्राइवर : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने नगर निगम के ड्राइवरों को स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के तहत बृहस्पतिवार को नगर निगम के नवनिर्मित सदन हाल में ड्राइवरों के साथ बैठक की। इस दौरान ड्राइवरों को वार्डों में पहुंचकर और कूड़े को एकत्रित करने और निस्तारित करने के संबंध जानकारी दी गई। बैठक में अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह, उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त अविनाश प्रताप सिंह, सहायक नगर आयुक्त डॉ. मणिभूषण तिवारी, जोनल अधिकारी नर्वदेश्वर पांडेय, कनिष्ठ प्रभारी स्वास्थ्य अखिलेश श्रीवास्तव, समस्त सफाई निरीक्षक एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।