दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी प्रवेश पोर्टल dduguadmission.in पर लॉगिन करके सीट आवंटन के नतीजे देख सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो.हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि लगभग दस हजार सीटों के लिए 17 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने पहले राउंड की काउंसिलिंग में चॉइस लॉक किया था। उन्होंने कहा कि सीट आवंटन संबंधी कटऑफ पोर्टल पर उपलब्ध हैं। प्रवेश संबंधी किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी admissionddugu.ac.in पर मेल कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण की फीस और प्रमाणपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया 30 जुलाई तक पूरी हो जाएगी। उसके बाद खाली सीटों के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया एक अगस्त से प्रस्तावित है।
दूसरे चक्र में वे सभी अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे जिन्हें पहले राउंड में सीटें नहीं मिलीं या जो किन्हीं कारणों से पहले राउंड की काउंसिलिंग में चॉइस लॉक नहीं कर सके थे।
कहा कि सीट आवंटन हासिल करने वाले अभ्यर्थी दिए गए लिंक पर जाकर अपनी फीस जमा करेंगे। फीस जमा करने के लिए 25, 26 और 27 जुलाई तक का समय निर्धारित किया गया है। निर्धारित अवधि में फीस न जमा होने पर आवंटन निरस्त हो सकता है।
अभ्यर्थी अपनी शुल्क रसीद लेकर 28 से 30 जुलाई के बीच संबंधित संकाय या विभागों में उपस्थित होकर अपने प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराएंगे। सत्यापन के पश्चात उन्हें प्रवेश की स्टूडेंट कॉपी प्राप्त होगी और उनकी प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
साथ लाएं ये प्रपत्र
प्रमाणपत्र सत्यापन के समय सभी अभ्यर्थी को शुल्क जमा करने की रसीद के साथ ऑनलाइन अपलोड किये गये सभी अंकपत्रों एवं प्रमाणपत्रों की मूल प्रति, टीसी, चरित्र प्रमाणपत्र की मूल प्रति तथा उपरोक्त सभी प्रमाणपत्रों की एक सेट स्वप्रमाणित फोटो प्रति लाना होगा।