मिठौरा। लटके विद्युत तार से दुर्घटना की आशंका को लेकर सिंदुरिया के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने लटक रहे तार को ठीक करने की मांग की।
ग्राम सभा सिंदुरिया के मनोज गुप्ता, शेषनाथ, लल्लू गुप्ता, बुधई, परशुराम, रघुनाथ गुप्ता, वजीर, बांके, जोखई व बेचई ने कहा कि गांव में राजकुमार गुप्ता के घर से लेकर अख्तर शाह के घर तक विद्युत तार लटक गया है। तार नीचे होने की वजह से ग्रामीण अनहोनी की आशंका से भयभीत हैं। ठेकेदार ने रघुनाथ के घर के सामने विद्युत पोल लगाकर छोड़ दिया है लेकिन उससे विद्युत तार को नहीं जोड़ा है। दूसरी तरफ अख्तर शाह के घर के पास लगा विद्युत पोल अधिक भार होने के कारण एक तरफ झुक गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विद्युत विभाग को शिकायती पत्र देने के बावजूद तार को पोल से नहीं जोड़ा गया। एक हफ्ते के अंदर अगर विद्युत तार को पोल से नहीं जोड़ा गया तो ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे, इसकी सारी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। विद्युत विभाग के अवर अभियंता आलोक कुमार का कहना है कि जल्द ही ग्रामीणों की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। संवाद