गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के किशनपुर उर्फ बगही में अपने ननिहाल में शनिवार की रात किशोर के खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने पिता को जेल भेज दिया। पुलिस ने नाना की तहरीर पर पिता के खिलाफ खुदकुशी के उकसाने की धारा में केस दर्ज किया है। आरोप है कि पिता की पिटाई से आहत होकर किशोर ने खुदकुशी की है।
जानकारी के मुताबिक, बांसगांव थाना क्षेत्र के पानापार गांव निवासी प्रशांत शुक्ला (17) का ननिहाल इसी थाना क्षेत्र के किशनपुर उर्फ बगही में ओमप्रकाश पांडेय के यहां था। आरोप है कि प्रशांत के पिता विनोद शुक्ल व गांव के अन्य व्यक्ति ने किसी बात को लेकर प्रशांत को पीट दिया था। वह घर से भागकर ननिहाल आ गया।
आरोप है कि पिटाई से आहत होकर उसने शनिवार की रात में खुदकुशी कर ली थी। प्रशांत के नाना ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि उनके दामाद अपनी जमीन गांव के रत्तनेश शुक्ल को बेचना चाहते हैं, इसके बदले उन्होंने एडवांस में कुछ पैसा भी ले लिया है। जबकि प्रशांत इसका विरोध कर रहा था।
इसी विरोध पर प्रशांत की दोनों लोगों ने पिटाई कर दी थी जिससे वह भाग कर यहां आ गया था। पुलिस ने तहरीर पर पिता विनोद शुक्ला के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश कर पुलिस ने आरोपी को सोमवार को जेल भेज दिया।