मुफलिसी से जूझ रहे पांच बच्चों के पिता ने दे दी जान
चाट बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था मनोज, एसओ ने कराया अंतिम संस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
जटहां बाजार (कुशीनगर)। आर्थिक तंगी के चलते मंगलवार को जटहां बाजार निवासी 40 वर्षीय मनोज मोदनवाल ने घर की छत से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। चार बेटियों और एक बेटे का पिता मनोज चाट बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। घर के लोगों के मुताबिक आर्थिक तंगी और बढ़ती जिम्मेदारियों से परेशान होकर उसने खुदकुशी कर ली। मौके पर पहुंचे एसओ ने परिवार को पांच हजार रुपये तो दिए ही अंतिम संस्कार भी कराया।
जटहां बाजार गांव निवासी मनोज मोदनवाल के कंधों पर पत्नी समेत चार बेटियों और एक बेटे के भरण-पोषण की जिम्मेदारी थी। खेती न होने और परिवार बड़ा होने से वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। परिवार वालों के अनुसार मंगलवार की सुबह 10 बजे जब घर में कोई नहीं था तो मनोज ने कमरे में छत के कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब उसकी पत्नी आशा कमरे में गई तो दंग रह गई। कुछ ही देर में आसपास के लोग पहुंच गए। सूचना मिलने पर एसओ संजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को पांच हजार रुपये दिए। साथ ही अंतिम संस्कार भी कराया।
इनसेट
परिवार पर टूट पड़ा विपत्तियों का पहाड़
जटहां बाजार। मनोज की मौत के बाद परिवार पर और विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है। मनोज के पास खेती नहीं थी। वह परिवार में अकेला कमाऊं सदस्य था। उसकी एक बेटी नेहा (18) शादी योग्य हो गई है। नेहा के अलावा चुलबली (15), बेटा अंकुल (13), बेटी अमृता (08) और परिधि (03) के सिर से पिता का साया उठ गया।