गोरखपुर। देर से हुई बारिश के कारण खेतों में अधिक नमी बनी हुई है, जिससे धान की कटाई और अगैती बोआई में देरी हुई है। इसके बावजूद किसानों को रबी की फसल के लिए उर्वरक की कमी नहीं होगी। जिले की साधन सहकारी समितियों और गोदामों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है।
एआर नीरज कुमार ने बताया कि उर्वरक की आपूर्ति लगातार जारी है और रैक भी नियमित रूप से आ रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जहां भी जरूरत होगी, वहां उर्वरक भेजा जाएगा। गोदामों पर 5651 मीट्रिक टन यूरिया और 451 मीट्रिक टन डीएपी मौजूद है। इसके अतिरिक्त 1425 टन अन्य फास्फेटिक खाद भी उपलब्ध है।
साधन सहकारी समितियों पर 5837 मीट्रिक टन यूरिया और 1007 मीट्रिक टन डीएपी का स्टॉक है। यहां 902 मीट्रिक टन अन्य फास्फेटिक खाद भी उपलब्ध है। किसानों ने अब तक समितियों से 1500 मीट्रिक टन यूरिया और 2300 मीट्रिक टन डीएपी का उपयोग किया है। साथ ही 400 मीट्रिक टन अन्य फास्फेटिक उर्वरक भी किसानों द्वारा लिया जा चुका है।
रबी फसल के लिए लक्ष्य और उपलब्धता
इस साल रबी की फसल के लिए उर्वरक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यूरिया का लक्ष्य 30590 मीट्रिक टन, जबकि डीएपी का लक्ष्य 10985 मीट्रिक टन रखा गया है। अन्य उर्वरकों का लक्ष्य 2950 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। नीरज कुमार ने कहा कि उर्वरक की कमी नहीं होने दी जाएगी। रैक आती रहेंगी और उर्वरक समितियों तक पहुंचता रहेगा।