गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एक विभाग में डिप्लोमा कोर्स कर रही छात्रा ने उसी विभाग के एक जूनियर डॉक्टर (जेआर) पर पिछले एक महीने से छेड़खानी और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। छात्रा का आरोप है कि विरोध पर आरोपी उसे परीक्षा में फेल करने की धमकी दे रहा है। छात्रा ने जब जानकारी अपने परिजन को दी तो वे शनिवार को विभाग में शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान जूनियर डॉक्टरों के एक समूह ने परिजन के साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची। छात्रा ने गुलरिहा पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, देर शाम दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। विशाखा कमेटी इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज की रहने वाली छात्रा बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एक विभाग में डिप्लोमा कोर्स की पढ़ाई कर रही है। छात्रा का आरोप है कि विभाग का एक जूनियर डॉक्टर पिछले एक महीने से फोन कर उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। आरोप है कि 12 जुलाई की रात विभाग की एक महिला जूनियर डॉक्टर छात्रा और उसकी सहपाठी को पार्टी के बहाने अपनी कार से हॉस्टल के कमरे पर ले गई थी। वहां आरोपी जूनियर डॉक्टर भी मौजूद था। छात्रा का आरोप है कि मौका पाकर आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर छेड़खानी की। छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर अपने कमरे पहुंची और परिजन को बुलाकर उनके साथ घर चली गई।
कॅरियर खराब करने की दी धमकी
छात्रा का आरोप है कि इसके बाद आरोपी फोन कर उसे धमकी देने लगा कि अगर उसने किसी को जानकारी दी तो उसका कॅरियर खराब कर देगा। इसके बाद से छात्रा कॉलेज आना छोड़ चुकी है। शनिवार को छात्रा ने पूरी घटना अपने परिजन को बताई। शाम करीब चार बजे परिजन विभाग में शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि जूनियर डॉक्टर ने फोन कर अपने कुछ साथियों को बुला लिया और बातचीत के दौरान परिजन से हाथापाई शुरू हो गई। किसी तरह वहां से निकलकर परिजन ने 112 नंबर पर सूचना दी।
बोले अधिकारीमेडिकल कॉलेज की छात्रा की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- रवि सिंह, सीओ गोरखनाथ
बोले प्राचार्य
विशाखा कमेटी मामले की जांच कर रही है। देर रात दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. धर्मेंद्र कुमार, प्राचार्य, बीआरडी मेडिकल कॉलेज