- भोजपुरी समाज सहित देश-विदेश में छठ मना रहे लोगों को दीं शुभकामनाएं
गोरखपुर। छठ महापर्व पर सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में सांसद व अभिनेता रवि किशन शुक्ला का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने छठ पूजा की सामग्री से सजा दउरा अपने सिर पर उठाया और घाट पर पहुंचे। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। सांसद ने व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की आस्था को नमन करते हुए सभी की मनोकामना पूरी होने की कामना की।
सांसद रवि किशन ने कहा कि वह इस समय गोरखनाथ मंदिर में हैं और यहां श्रद्धालुओं का विशाल जनसमूह पूरी तरह छठी मइया की भक्ति में लीन है। उन्होंने कामना की कि सभी की प्रार्थनाएं स्वीकार हों। भोजपुरी समाज और हिंदी भाषी लोगों को छठ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि कैलिफोर्निया, अमेरिका, कनाडा, लंदन और यूरोप समेत दुनिया के जिस भी हिस्से में लोग छठ मना रहे हैं, सभी को उनका स्नेह और शुभकामनाएं हैं।
सांसद ने छठ का कठिन व्रत रखने वाली माताओं-बहनों के प्रति सम्मान जताया और भगवान सूर्यदेव व छठी मइया से सभी परिवारों में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। उनके सिर पर पूजन का दउरा उठाकर घाट पहुंचने के दृश्य ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।