बांसगांव ट्रिपल मर्डर : रातभर नहीं सोई मासूम, बोली- पापा के जाने के बाद अब कौन बनाएगा डॉक्टर
बांसगांव (गोरखपुर)। बांसगांव नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात में बड़े भाई, भाभी और भतीजे की हत्या के आरोपी बाल अपचारी को पुलिस ने सोमवार को किशोर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपने किए पर पछतावा नहीं है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह पिता हरिलाल गुप्ता को भी तड़पाकर मारना चाहता था।
आरोपी ने बताया कि वह अफसर बनना चाहता था लेकिन पिता ने बीच में ही पढ़ाई छुड़वा दी। पढ़ने का समय नहीं मिलता था इसलिए 10वीं में फेल हो गया। इसके बाद घरवाले ताना मारने लगे। रोज-रोज बेइज्जत करने लगे। इसके बाद पिता को तड़पाकर मारने का मन करता था।
21 जून की रात सगे भाई ने अपने ही भाई, भाभी और दुनिया से अनजान अपने भतीजे की गंडासा से काटकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने नौ वर्षीय भतीजी ज्योति के मुंह पर कपड़ा बांधकर छोड़ दिया था। ज्योति ने बताया कि रात में उसे मम्मी, पापा और भाई की बहुत याद आ रही थी और रोना भी आ रहा था। पूरी रात ठीक से सो नहीं पाई। जब भी अकेली होती है, अपने परिवार की याद आने लगती है। मम्मी-पापा का सपना था कि वह डॉक्टर बने। जब वे उसे पढ़ने के लिए कहते थे, तो बोलते थे- बेटा! डॉक्टर बनकर अपने पापा का नाम रोशन करना। अब उससे यह सब कौन कहेगा। ज्योति की यह दर्दभरी बात सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
72 घंटे में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही पुलिस
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि बाल अपचारी को किशोर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। अब पुलिस 72 घंटे के अंदर चार्जशीट दाखिल करने में जुटी है। मामले में सभी पहलुओं के तथ्य जुटाए जा रहे हैं।