डीडीयू के वाणिज्य भवन में लोकसभा चुनाव के रखे गए ईवीएम की सुरक्षा में तैनात अर्ध सैनिक बल के जवान
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार की देर रात तक स्ट्रांग रूम में ईवीएम मशीनें ताले में बंद कर दी गईं। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सभी ईवीएम को सुरक्षित रखा गया है। समस्त ईवीएम के एकत्रीकरण के बाद उन्हें निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में सील करने की कार्रवाई की गई।
स्ट्रांग रूम का ताला अब मतगणना के दिन खुलेगा। यह मशीनें चार जून को सुबह स्ट्रांग रूम से बाहर निकाली जाएंगीं। तब तक स्ट्रांग रूम की सुरक्षा हथियारबंद जवान करेंगे। स्ट्रांग रूम में रखे ईवीएम की सीसीटीवी कैमरे की मदद से कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके बाद अर्द्ध सैनिक बल व सशस्त्र पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।
एक एसीपी, एक सीओ, तीन इंस्पेक्टर, 16 दरोगा, 20 हेड कांस्टेबल, 44 कांस्टेबल, एक प्लाटून सीएपीएस की तैनाती की गई है। स्ट्रांग रूम के बाहर भी जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। स्ट्रांंग रूम के आसपास चौबीस घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेगा।