- बाहर जाने वाले यात्रियों की बढ़ी परेशानी
- कुछ ट्रेनों में सीटें खाली होने से मिल सकती है राहत
गोरखपुर। दिवाली और छठ पर्व के बाद बाहर जाने वाले यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। नियमित ट्रेनों के साथ ही अधिकतर त्योहार विशेष ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग और नो रूम की स्थिति है। ऐसे में कंफर्म टिकट नहीं मिलने से यात्री परेशान हैं।
हालांकि, पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से संचालित कुछ विशेष ट्रेनों में अभी बर्थ उपलब्ध हैं। रेलवे की ओर से 16 नवंबर की शाम जारी आंकड़ों के अनुसार, एक दिसंबर तक की यात्रा के लिए चुनिंदा ट्रेनों में आरक्षण कराया जा सकता है।
गोरखपुर से चलने वाली 05101 गोरखपुर-शकूर बस्ती त्योहार विशेष ट्रेन में 29 नवंबर को एसी प्रथम श्रेणी की 13, एसी द्वितीय की 25 और एसी तृतीय श्रेणी की 208 बर्थ उपलब्ध हैं। 03528 गोरखपुर-आसनसोल विशेष ट्रेन में 21 नवंबर को एसी द्वितीय की 64 और एसी तृतीय की 294 बर्थ खाली हैं। वहीं, 28 नवंबर को एसी द्वितीय की 75, एसी तृतीय की 342 और शयनयान श्रेणी की 338 बर्थ उपलब्ध हैं।
इन चुनिंदा ट्रेनों को छोड़कर अन्य ट्रेनों में वेटिंग और नो रूम की स्थिति बनी हुई है। इससे यात्रियों को मनचाही तारीख पर यात्रा का टिकट नहीं मिल पा रहा है और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क आधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 05634 गोरखपुर-नारंगी विशेष ट्रेन में 29 नवंबर को एसी तृतीय श्रेणी की 106 बर्थ खाली हैं। बनारस से चलने वाली 05048 बनारस-कोलकाता विशेष ट्रेन में 24 नवंबर को एसी तृतीय इकोनॉमी की 688 बर्थ उपलब्ध हैं।