छेड़खानी का विरोध करने पर युवती को पीटा, भीड़ जुटने पर भागे
हरपुर बुदहट। इलाके के एक गांव में रविवार को मां के पास खाना लेकर जा रही युवती से छेड़खानी और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही दो युवकों पर आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, युवती की मां खेत में काम करने गई थीं। सुबह 11 बजे युवती खाना लेकर मां के पास जा रही थी। रास्ते में गांव के दो युवकों ने उसे झाड़ी में खींच लिया और अश्लील हरकत करने लगे। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। युवती के शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे तो दोनों युवक फरार हो गए। इसके बाद मां के साथ युवती ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।