महराजगंज। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में बने परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने को लेकर विभाग के जिम्मेदार सख्ती के साथ तेजी से तैयारी में जुट गए हैं। ऐसे में जिले में बने कुल 111 परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की बृहस्पतिवार को ऑनलाइन निगरानी की गई। जहां पर अधिकांश परीक्षा केंद्रों के यूजर नेम और पासवर्ड में त्रुटि देखने को मिली। इस मामले में उक्त परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक को वॉट्सएप के माध्यम से जल्द ही इन्हें ठीक करने की सलाह दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा एवं प्रयोगात्मक परीक्षा 2025 का शुभारंभ एक फरवरी से हो रहा है। इन परीक्षाओं का समापन 14 मार्च को होना है। ऐसे में परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। इतना ही नहीं सीसीटीवी की मदद से परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीधे क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर एवं निदेशक माध्यमिक शिक्षा परिषद शिविर कार्यालय पार्क रोड 18 लखनऊ की ओर से की जाएगी।
अभी तक परीक्षा केंद्रों की ओर से सीसीटीवी कैमरों से संबंधित जो विवरण उपलब्ध कराया गया था। उन्हें कंप्यूटर में इंस्टाल कर सॉफ्वेयर पर फीड कर दिया गया है। इतना ही सीसीटीवी कैमरों की ऑनलाइन निगरानी कर जांच की गई, तो पता चला कि अधिकांश परीक्षा केंद्रों का यूजर नाम और पासवर्ड में त्रुटि है। जिन्हें ठीक करने के लिए केंद्र व्यवस्थापक को सूचित कर दिया गया है।
इतना ही नहीं केंद्रों व्यवस्थापकों को बताया गया है कि सिम के एक से तीन जीबी की डाटा से परीक्षा केंद्रों की निगरानी नहीं हो पाएगी। ऐसे में इंटरनेट लगाने के लिए निर्देश किया गया है। क्योंकि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर हर रोज 15 से 15 जीबी डाटा की जरूरत होती है।