कर्मचारी भविष्य निधि संगठन गोरखपुर परिक्षेत्र के खाता धारकों के लिए राहत भरी खबर है। अब विभाग ने खाते को आधार से लिंक कराने की समय सीमा बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है। पहले यह तिथि एक जून थी। विभाग के इस आदेश के बाद क्षेत्र के ऐसे 5300 खाताधारकों को सहूलियत मिल गई है जिनका खाता आधार से लिंक नहीं होने के कारण संस्था का अंशदान खाते में जमा नहीं हो पा रहा था।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय आयुक्त मनीष मणि ने बताया कि गोरखपुर परिक्षेत्र के अंतर्गत गोरखपुर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, महराजगंज, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा जिले आते हैं। इन 12 जिलों में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के 72 हजार सक्रिय खाताधारक हैं। इनमें 5300 से अधिक खाताधारकों ने एक जून तक अपने खाते को आधार से लिंक नहीं कराया था। जिसकी वजह से इन कर्मचारियों के खुद का अंशदान खाते में जमा हो जा रहा था लेकिन संस्था की ओर से आने वाला अंशदान रुक गया था। विभाग ने कोरोना संकट के बीच हो रही समस्या को देखते हुए खाते को आधार से लिंक कराने की समयसीमा बढ़ाकर 31 अगस्त तक कर दी।
क्या है नियम
आयुक्त मनीष मणि ने बताया कि सोशल सिक्योरिटी कोड 2020 के तहत ये फैसला लिया गया है। इस नियम के अनुसार, जिन खाताधारकों का 31 अगस्त के बाद से खाता आधार से लिंक नहीं होगा, उनका इलेक्ट्रॉनिक चालान कम रिटर्न भरा नहीं जा सकेगा। इसका असर ये होगा कि खाताधारकों को खाते में जो कंपनी की ओर से अंशदान जमा किया जाता है, वो नहीं मिल सकेगा। कर्मचारियों को सिर्फ अपना ही अंशदान खाते में दिखाई देगा।