उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के सेवरही नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन ने एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार की शाम को अधिशासी अधिकारी ने चेयरमैन और उनके समर्थक सभासदों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। वहीं शनिवार को चेयरमैन और उनके समर्थक सभासदों ने थाने पहुंचकर ईओ पर विकास कार्यों में बांधा डालने और नगर पालिका एक्ट का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया है। पुलिस दोनों के आरोपों की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सेवरही नगर पंचायत में ईओ अजय कुमार गुप्ता और चेयरमैन श्याम सुंदर विश्वकर्मा के बीच चल रही खींचतान दफ्तर से निकलकर थाने पहुंच गई है। पिछले महीने टैक्सी स्टैंड की नीलामी के दौरान भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद शुक्रवार को ईओ ने चेयरमैन और उनके समर्थक सभासदों पर कार्यालय का गेट बंद कर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।
ईओ ने इस मामले में केस दर्ज कराने के लिए सेवरही थाने में तहरीर भी दी। मामला सार्वजनिक होने के बाद शनिवार को चेयरमैन श्याम सुंदर विश्वकर्मा अपने समर्थक सभासदों के साथ सेवरही थाने पहुंचे और ईओ के आरोपों को गलत बताते हुए उन पर विकास कार्यों में बांधा पहुंचाने और नगर पालिका एक्ट के उल्लंघन का आरोप लगाया।
चेयरमैन ने भी ईओ के खिलाफ शिकायती पत्र एसओ को दिया। चेयरमैन का कहना है कि ईओ के खिलाफ बोर्ड ने निंदा प्रस्ताव पारित किया है, जिससे नाराज ईओ अब उन्हें बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। इस संबंध में एसओ सेवरही उमेश कुमार का कहना है कि दोनों पक्ष से शिकायती पत्र मिला है। जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।