गोरखपुर के शाहपुर इलाके के पादरीबाजार पप्पू कटरा जानकीपुरम मोड़ के पास सोमवार की रात बदमाशों से शाहपुर पुलिस और एसओजी टीम की मुठभेड़ में बदमाश अनूप यादव गोली लगने से घायल हो गया। वहीं अंधेरे का फायदा उठाते हुए दो बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम को लगा दिया गया है। वहीं घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनके दाहिने पैर में गोली लगी है। आरोपित पर लूट, पशु तस्करी समेत 20 मुकदमे दर्ज हैं। वह राजघाट थाने से वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसके पास से 32 बोर का पिस्टल, दो खोखा और दो कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, हरसेवकपुरम नंबर दो टोला निवासी अनूप यादव पर गोली मारकर हत्या करने की कोशिश, पशु तस्करी, लूट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को सोमवार की रात सूचना मिली कि शातिर बदमाश अनूप अपने कुछ साथियों के साथ कोई वारदात करने के फिराक में है और इस समय वह पप्पू कटरा के पास मौजूद है।
इस सूचना पर पादरीबाजार चौकी इंचार्ज दीपक सिंह, एसओजी टीम के सुधीर, चंद्रभान सिंह, शशिकांत समेत अन्य पुलिस वाले वहां पर पहुंच गए और घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश किए। इसी दौरान पुलिस को पास आता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया और भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए जवाबी फायर किया जिसमें अनूप के पैर में गोली लग गई और उसके दो साथी बाइक लेकर फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने घायल अनूप को जिला अस्पताल लाया जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार चल रहा है।
एसपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि घायल अनूप पुलिस के मुठभेड़ में घायल हुआ है। उसपर डेढ़ दर्जन से ज्यादा हत्या की कोशिश, लूट, पशु तस्करी के केस दर्ज है। पुलिस पर हमला करने के मामले में वह वांछित चल रहा था। पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस पर किया था जानलेवा हमला
अनूप ने कुछ महीने पहले राजघाट थाने में तैनात एक सिपाही पर जानलेवा हमला किया था। अनूप ने सिपाही का सिर ईंट से फोड़ दिया था। इस मामले में उसके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया था लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था कि इसी बीच सोमवार को मुठभेड़ में पकड़ा गया।