- चंपा देवी पार्क में बाल विकास विभाग की तरफ से आयोजित हुआ पोषण महोत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर,। राष्ट्रीय पोषण माह की समाप्ति व आईसीडीएस की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बृहस्पतिवार को चंपा देवी पार्क में पोषण महोत्सव मनाया गया। इसके अन्तर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के जरिये ‘सही पोषण, देश रोशन’ का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल ने कहा कि खेत में उगाई जाने वाली फसलों में पेस्टिसाइड्स के इस्तेमाल से भी कैंसर के मामले बढ़े हैं। ऐसे में हम सभी को पारंपरिक और पौष्टिक मोटे अनाज के सेवन पर जोर देना होगा। मेयर मंगलेश श्रीवास्तव ने पोषण रेसिपी प्रतियोगिता के महत्व को बताते हुए आयोजन की सराहना की।
एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार के स्वस्थ नारी और सुपोषित उत्तर प्रदेश के संदेशों का बाल विकास विभाग की ओर से बेहतर प्रसार किया जा रहा है। विधायक ग्रामीण विपिन सिंह ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर बच्चा स्वस्थ हो। इसके लिए युद्धस्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं।विधायक प्रदीप शुक्ल ने इस अभियान के लिए शुभकामनाएं दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्र ने पोषण को जन-जन तक पहुंचाने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर डीएम दीपक मीणा, जिला विकास अधिकारी राज मणि वर्मा, वशिष्ठ नारायण सिंह, नीलेश प्रताप सिंह, अमित कुमार सिंह, सलोनी राय आदि की मौजूदगी रही।
-
टॉयथान में बांसगांव रहा प्रथम
पोषण माह के दौरान जिले के सभी विकास खंडों में पोषण क्विज, रेसिपी, मेहंदी और रंगोली एवं टॉयथॉन प्रतियोगिताओं के आयोजन किए गए। टॉयथान में बांसगांव प्रथम, कौड़ीराम द्वितीय व गगहा ब्लॉक तृतीय रहे।