बिजली निगम की चार किलोवाट तक घरेलू उपभोक्ता के बकाया बिजली बिल भुगतान के लिए आसान किस्त योजना की 29 फरवरी को समाप्त हो जाएगी। इस योजना में अभी तक चारों वितरण खंड में 15 हजार से अधिक बकाएदारों ने पंजीकरण कराया है। जबकि इस योजना का लक्ष्य लगभग 59 हजार उपभोक्ता है। बचे उपभोक्ताओं ने अगर तय समय में पंजीकरण नहीं कराया तो कार्रवाई संभव है।
योजना में अभी छह दिन बचे हैं। मुख्य अभियंता देवेंद्र सिंह ने बताया कि इस योजना में शहरी उपभोक्ताओं को 12 आसान किस्त व ग्रामीण उपभोक्ता को 24 आसान किस्त में बकाया अदा करना है। यह तिथि पहले 31 जनवरी तक के लिए बढ़ाई गई थी। उन्होंने कहा कि कम आय वाले उपभोक्ताओं को बिल की धनराशि अदा करने के लिए इस योजना को चलाया गया है।
बताया कि योजना में पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ता को बकाये के सरचार्ज में छूट मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ लेकर अपना बकाया समय से जमा कर दें। जिससे उन्हें विद्युत विच्छेदन आदि की समस्या से परेशानी न हो। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना से जुड़ने की अपील की।