गोरखपुर। अंतिम संस्कार में लकड़ी की खपत कम करने और वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए राप्ती नदी के किनारे विद्युत शवदाह गृह बनाया जाएगा। नगर निगम ने इसके लिए 3.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इस धनराशि से दो विद्युत भट्ठियां स्थापित की जाएंगी।
शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। वर्तमान में राप्ती नदी के किनारे गैस और लकड़ी आधारित शवदाह गृह संचालित हैं। इसके अलावा परंपरागत तरीके से होने वाले अंतिम संस्कार में बड़ी मात्रा में लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता है।
विज्ञापन
ऐसे में विद्युत शवदाह गृह बनने से लोगों को अंतिम संस्कार के लिए एक और विकल्प मिलेगा। इससे लकड़ी पर निर्भरता कम होने के साथ धुएं के उत्सर्जन में भी कमी आने की उम्मीद है।
अंतिम संस्कार में लकड़ी की खपत कम होने से पेड़ों की कटाई पर दबाव घटेगा। साथ ही लकड़ी जलने से निकलने वाले धुएं और उससे होने वाले वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी। नगर निगम की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से दो विद्युत भट्ठियां स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।