युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव प्रक्रिया और मतदान के अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) बनाए जाएंगे। युवाओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने और उन्हें जागरूक मतदाता बनाने के लिए इन क्लबों का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और चुनाव की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
चुनावी जागरूकता बढ़ाई जाएगी
क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाएगा। इसके अलावा प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर प्रतियोगिता, मॉक पोल और अन्य गतिविधियों के जरिये चुनावी जागरूकता बढ़ाई जाएगी। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
ईएलसी 2.0 का नारा है लर्न डेमोक्रेसी, लीड डेमोक्रेसी
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि निर्वाचन आयोग की व्यवस्था के अनुसार स्कूलों में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ईएलसी बनाए जाते हैं। कॉलेजों में 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी इसके सदस्य बन सकते हैं। वहीं, स्कूल और कॉलेज से बाहर रहने वाले युवाओं और ग्रामीण आबादी तक पहुंचने के लिए चुनाव पाठशालाओं की भी व्यवस्था है। ईएलसी 2.0 का नारा, लर्न डेमोक्रेसी, लीड डेमोक्रेसी है।