बड़हलगंज में सीएचसी के बाहर पड़ा बुजर्ग। स्रोत : सोशल मीडिया
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज का मामला, सड़क किनारे पड़ा था बुजुर्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़हलगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज में सामने आई घटना ने गरीबों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के दावों की पोल खोल दी है। मंगलवार रात अस्पताल परिसर में एक असहाय बुजुर्ग बाहर ठंड में तड़पता रहा। स्ट्रेचर पर वह बाहर पड़ा रहा लेकिन उसको इलाज नहीं मिला।
मामला बड़हलगंज थाना क्षेत्र के ओझवली गांव का है, जहां सड़क किनारे लगभग 60 वर्षीय एक अज्ञात बुजुर्ग असहाय अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय जागरूक नागरिकों ने मानवीय पहल करते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी और बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज भिजवाया। आरोप है कि अस्पताल में काफी देर बाद पहुंचे चिकित्सक ने केवल प्राथमिक उपचार किया और बुजुर्ग के अज्ञात होने की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी। प्रशासन के समय पर न पहुंचने का हवाला देते हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद शाम करीब सात बजे से बुजुर्ग को स्ट्रेचर पर अस्पताल परिसर के बाहर ही छोड़ दिया गया, जहां वह कड़ाके की ठंड में बिना किसी कंबल या सुरक्षा के तड़पता रहा।
बड़हलगंज कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि बुजुर्ग को पुलिस की ओर से ही अस्पताल पहुंचाया गया था। उनका कहना है कि चिकित्सकों को उसका समुचित इलाज करना चाहिए था और यदि हालत गंभीर थी तो एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया जाना चाहिए था। रात तक ठंड से कांपता अज्ञात बुजुर्ग मदद की आस लगाए अस्पताल परिसर के बाहर पड़ा रहा।